इंदौर: क्राइम ब्रांच ने एमआर-10 रोड पर कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों पर बैठे चार युवकों को 39.95 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त नशीले पदार्थ की कीमत करीब चार लाख और दोनों बाइक की कीमत करीब 1.40 लाख रुपए है. चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
क्राइम ब्रांच की टीम सोमवार को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में एमआर-10 रोड पर मेट्रो पोल नंबर सीपी-330 के सामने सर्विस रोड पर पहुंची थी. यहां दो मोटरसाइकिलों पर चार व्यक्ति संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए. पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोका. पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अभिजीत उर्फ चालीस, चंद्रशेखर उर्फ अतुल, विशेष उर्फ बच्चू और गोपाल उर्फ धोड़ बताए. तलाशी के दौरान अभिजीत और चंद्रशेखर के पास से 18.10 ग्राम तथा विशेष और गोपाल के पास से 21.85 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. तस्करी में इस्तेमाल दोनों स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई हैं.
पुलिस अब मोबाइल के जरिये खंगाल रही तस्करी का नेटवर्क
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि ब्राउन शुगर की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. आरोपियों के मोबाइल और अन्य संपर्कों की जानकारी के आधार पर सप्लायर और नशे के कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. मामले में एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने नव भारत को बताया कि आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है. पूछताछ में नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
आरोपियों का अपराधिक रिकॉर्ड भी कम नहीं…
गोपाल उर्फ धोड़ के खिलाफ चोरी और आ आर्म्स एक्ट सहित 9 मामले दर्ज हैं. विशेष उर्फ बच्चू पर लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस सहित 12 मामले दर्ज हैं. अभिजीत उर्फ चालीस के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और हत्या के प्रयास सहित 14 मामले दर्ज हैं. वहीं चंद्रशेखर उर्फ अतुल के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पुलिस पड़ताल कर रही है.
