
उज्जैन। रात्रि भ्रमण पर निकली पुलिस ने सडक़ किनारे पिकअप खड़ी देखी तो जांच के लिए पहुंची। पिकअप में कोई दिखाई नहीं दिया पुलिस ने आसपास तलाश करने की कोशिश की। चालक के नहीं मिलने पर तलाशी ली गई तो प्याज की बोरियां भारी होना सामने आया। कुछ बोरियां संदिग्ध दिखाई दे रही थी, जिन्हें चेक करने पर उसमें मादक पदार्थ भरा होना सामने आया।
नागझिरी थाना पुलिस रात 1 बजे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्धों की तलाश में भ्रमण पर निकली थी। लालपुर से गरोठ ब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस वाहन की हेडलाइट सडक़ किनारे खड़ी पिकअप पर पड़ी। पुलिस को लगा कि रात में गाड़ी खराब हुई है और चालक ने उसे खड़ा किया है। पुलिस जानकारी जुटाना के लिए पिकअप के पास पहुंची। लेकिन उसमें ना तो चालक था ना ही आसपास कोई दिखाई दिया। लावारिस हालत में खड़ी पिकअप प्लास्टिक की तिरपाल से ढंकी हुई थी। पुलिस ने नंबर देखा तो पंजाब पासिंग होना सामने आया जिसके चलते शंका बढ़ गई। पुलिस ने तिरपाल हटाकर तलाशी लेने का प्रयास किया पिकअप में प्याज के बोरे भरे हुए थे लेकिन उसमें से अजीब दुर्गंध उठ रही थी। पुलिस ने प्याज के नीचे तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक की थैलियां में भरा मादक पदार्थ होना सामने आया।
इनका कहना है
उप निरीक्षक राम प्रसाद वेद ने बताया कि पुलिस ने पिकअप को कस्टडी में लिया है उसमें भरा मादक पदार्थ डोडा चुरा पाया गया है जो दो क्विंटल से अधिक है। उप निरीक्षक के अनुसार फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि पिकअप कौन लेकर आया था उसके चालक की जानकारी नंबर के आधार पर जताने की कोशिश की जा रही है। चालक के मिलने पर ही मादक पदार्थ के अवैध परिवहन के संबंध में पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।
