मुंबई, (वार्ता) उद्योगपति मुकेश अंबानी की पेट्रोलियम समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी नौयान ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड (एनटीपीएल) नौयान शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड (एनएसपीएल) में वेलस्पन कॉर्प लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) से 10 प्रतिशत अतिरिक्त इक्विटी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी।
कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को बताया कि उसने आज डब्ल्यूसीएल के साथ एक शेयर खरीद समझौता किया है। इस समझौते के तहत एनटीपीएल कंपनी की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली सहायक कंपनी एनएसपीएल में डब्ल्यूसीएल से 10 प्रतिशत अतिरिक्त इक्विटी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। यह अधिग्रहण कुल 51.72 करोड़ रुपये में किया जाएगा।
आरआईएल ने बताया कि यह एक संबंधित पक्ष लेनदेन समझौता है लेकिन यह आर्म्स लेंथ आधार पर किया गया है। उसने स्पष्ट किया है कि इसके किसी भी प्रमोटर, प्रमोटर समूह या समूह की अन्य कंपनियों का इस सौदे में कोई हित नहीं है। एनएसपीएल और संबंधित सरकारी अधिकारियों के बीच हुए समझौतों के तहत आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के लिए संबंधित प्राधिकरणों को आवेदन किए जा रहे हैं। इस अधिग्रहण के 11 अप्रैल, 2025 तक पूर्ण होने की संभावना है।
