अमेजन क्यू डेवलपर में अब और अधिक भाषाओं का समर्थन

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी अमेजन ने वैश्विक स्तर पर डेवलपर को उनकी अपनी भाषा में तकनीकी बातचीत, डॉक्युमेंटेशन और सॉफ्टवेयर डिजाइन की सुविधा देने के उद्देश्य से अपने लोकप्रिय सॉफ्टवेयर विकास प्लेटफॉर्म अमेजन क्यू डेवलपर में कई नई भाषाओं का समर्थन जोड़ने की घोषणा की।

कंपनी ने गुरुवार को बताया कि अब डेवलपर हिंदी, स्पैनिश, फ्रेंच, कोरियन, पुर्तगाली, चीनी सहित कई भाषाओं में अमेजन क्यू डेवलपर का उपयोग कर सकेंगे। इससे उन्हें तकनीकी विषयों पर ज्यादा सहज और स्वाभाविक संवाद करने की सुविधा मिलेगी।

अमेजन क्यू डेवलपर एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)-संचालित प्लेटफॉर्म है, जिसका उपयोग डेवलपर आर्किटेक्चर पर चर्चा करने, दस्तावेज तैयार करने, यूजर इंटरफेस डिजाइन करने और एप्लिकेशन डेवलप करने के लिए करते हैं। अब बहुभाषी सपोर्ट की मदद से यूजर अपनी मातृभाषा में जटिल तकनीकी अवधारणाओं को समझ और व्यक्त कर सकेंगे।

अमेजन ने बताया कि यह सुविधा वर्तमान में इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट एनवायरनमेंट (आईडीई) और कमांड लाइन इंटरफेस (सीएलआई) में उपलब्ध है और जल्द ही इसे एडब्ल्यूएस मैनेजमेंट कंसोल में भी शुरू किया जाएगा।

कंपनी ने बताया कि क्यू डेवलपर अब यूजर द्वारा पूछे गए सवालों को जिस भाषा में पूछा गया है, उसी में सटीक जवाब देने में सक्षम है। यह सिस्टम भाषा की बारीकियों के अनुरूप तकनीकी जवाब तैयार करता है, जिससे अनुवाद की आवश्यकता कम होती है और डेवलपर का ध्यान कार्य पर केंद्रित रहता है।

अमेजन ने कहा कि यह विस्तार दुनिया भर में डेवलपर को तकनीकी नवाचार में भाग लेने और अधिक समावेशी तरीके से योगदान करने में मदद करेगा। कंपनी ने उपयोगकर्ताओं से फीडबैक साझा करने की भी अपील की है ताकि भविष्य में और सुधार किए जा सकें।

 

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में नक्सलवादी आत्मसमर्पण राहत पुनर्वास नीति लागू

Thu Apr 10 , 2025
रायपुर, 10 अप्रैल (वार्ता) छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य में नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति-2025 को औपचारिक रूप से लागू कर दिया है। गृह विभाग की ओर से गत 28 मार्च 2025 को जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी जिलों में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में विशेष समितियों के गठन के निर्देश […]

You May Like

मनोरंजन