
सागर । नेशनल हाईवे-44 पर सुरखी के पास चलते ट्रक में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ड्राइवर ने ट्रक खड़ा किया और कूद गया। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोकी। फायर फाइटर को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आगजनी में ट्रक के आगे का हिस्सा जला है। आलू से भरा हुआ ट्रक सागर से नरसिंहपुर की ओर जा रहा था। तभी नेशनल हाईवे-44 पर सुरखी के पास अचानक से ट्रक के कैबिन से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर कुछ समझ पाता, इससे पहले ही लपटें उठने लगीं। आग की लपटें देख ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर जान बचाई।
घटना की सूचना पर सुरखी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही
रोकी। एक साइड से वाहनों को निकाला गया। फायर फाइटर गाड़ी ने आग पर काबू पाया। सुरखी थाना पुलिस के अनुसार आगजनी में ट्रक का कैबिन और आगे का हिस्सा जला है। ट्रक में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
