अपराध पर लगाम कसने पुलिस का एरिया डोमिनेशन मार्च

गली-गली में बाइक से पहुंची पुलिस, ड्रोन से की निगरानी

इंदौर: शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस ने एक नई मुहिम की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन मार्च आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें पुलिस बल मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मोहल्लों, गलियों और प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर रहा है. खास बात यह है कि संकरी गलियों और घरों की छतों पर भी ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है.

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और एडीशनल कमिश्नर अमित सिंह की पहल पर यह अभियान जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शुरू किया गया है. निर्देशों के तहत प्रत्येक थाना क्षेत्र में शाम के समय पुलिस बल की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे न केवल असामाजिक तत्वों में डर कायम हो, बल्कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़े. बीती शाम कनाडिया थाना क्षेत्र में यह डोमिनेशन मार्च आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस की बाइक रैली ने संचार नगर, वैभव नगर, श्रीकांत पैलेस रोड, शिव शक्तिनगर, छोटा राजवाड़ा, संचार नगर पोस्ट ऑफिस, आलोक नगर और ग्रीन वैली सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया.

ड्रोन कैमरे से घरों की छतों और गलियों की भी बारीकी से निगरानी की गई. इस पहल से आम नागरिकों में पुलिस की उपस्थिति का अहसास बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक कदम बताया. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमरेन्द्र सिंह और एसीपी कुंदन मंडलोई के नेतृत्व में कनाडिया थाना पुलिस बल ने इस अभियान में भाग लिया. पुलिस का मानना है कि इस प्रकार की सक्रिय निगरानी से नशा, चाकूबाजी, झगड़े और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा.

Next Post

कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को सुना और किया निराकरण

Wed Apr 9 , 2025
जनसुनवाई के आवेदनों को समय सीमा में निराकृत करने की विशेष व्यवस्था इंदौर: मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई सम्पन्न हुई. कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका तत्काल निराकरण करें. ऐसे […]

You May Like