एमएस धोनी के साथ जारी रहेगी स्वराज ट्रैक्टर्स की साझेदारी

नई दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) महिंद्रा समूह का ट्रैक्टर ब्रांड स्वराज ट्रैक्टर्स ने आज घोषणा की कि वह क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपनी साझेदारी को जारी रखेगा।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि श्री धोनी न केवल ब्रांड के एंबेसडर हैं बल्कि स्वयं एक किसान और स्वराज ट्रैक्टर के लंबे समय से उपयोगकर्ता भी हैं। यह साझेदारी भारतीय किसानों को नई तकनीक और विश्वसनीय समाधान प्रदान करने के स्वराज के दृष्टिकोण को और सशक्त बनाएगी।

एमएस धोनी ने कहा, “खेती मेरे लिए सिर्फ एक जुनून नहीं है, यह मेरी ज़िंदगी का हिस्सा है। स्वराज ने मेरी खेती की यात्रा को आसान और प्रभावी बनाया है। मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे ब्रांड के साथ जुड़ा हूं, जो सच में किसानों की भलाई के लिए काम कर रहा है।”

स्वराज डिवीजन के सीईओ गगनजोत सिंह ने कहा, “एमएस धोनी के साथ हमारी साझेदारी केवल एक प्रचार अभियान नहीं है। यह एक विज़न है। धोनी का विश्वास और उनके जीवन मूल्य हमारे ब्रांड के साथ गहराई से मेल खाते हैं। हम भारतीय किसानों के लिए नवाचार लाना चाहते हैं और धोनी इसके लिए सबसे उपयुक्त चेहरा हैं।”

कंपनी ने बताया कि वर्ष 2023 में हुई पहली साझेदारी के बाद धोनी की छवि और उनकी ग्रामीण पृष्ठभूमि ने स्वराज को भारत के ग्रामीण इलाकों और किसानों के बीच और अधिक लोकप्रिय बना दिया। एक ऐसे समय में जब कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की जरूरत बढ़ रही है, धोनी जैसे आदर्श व्यक्ति का जुड़ना ब्रांड के दृष्टिकोण को मजबूत करता है।

स्वराज ट्रैक्टर्स अब धोनी के साथ अपने आगामी विज्ञापन अभियानों को और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाएगा। इन अभियानों में धोनी ब्रांड के नए ट्रैक्टर मॉडल, तकनीकी फीचर, और किसानों के लिए लाभदायक समाधानों को उजागर करेंगे। इन प्रयासों का उद्देश्य सिर्फ ट्रैक्टर बेचना नहीं बल्कि भारतीय कृषि को एक नई दिशा देना है, खासकर युवा और प्रगतिशील किसानों के बीच मशीनीकरण को लोकप्रिय बनाना।

Next Post

जम्मू-कश्मीर से सिख श्रद्धालु बैसाखी के अवसर पर पाकिस्तान के गुरुद्वारों में मत्था टेकने जाएंगे

Wed Apr 9 , 2025
जम्मू (वार्ता) केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से करीब 250 सिख श्रद्धालु 13 अप्रैल को बैसाखी के अवसर पर पाकिस्तान के विभिन्न गुरुद्वारों में मत्था टेकने के लिए वहां जाएंगे। सिख श्रद्धालुओं का जत्था नौ अप्रैल की शाम जम्मू से रवाना होगा। पाकिस्तान जाने वाले जत्थे के एक सदस्य ने यहां […]

You May Like