ग्वालियर: जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन व खनिज विभाग की टीम द्वारा सतत् निरीक्षण कर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गए संयुक्त दलों द्वारा जनवरी व फरवरी माह में अवैध खनन, परिवहन व भण्डारण के कुल 85 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि मार्च माह में अब तक 16 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी श्री घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल 2025 से 12 मार्च 2026 तक जिले में कुल 339 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।जांच के दौरान डबरा क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गई। वहीं भितरवार तहसील के ग्राम पलायछा में पार्वती नदी के घाट पर रेत के अवैध खनन में उपयोग हो रही पनडुब्बी मशीन को मौके पर ही नष्ट किया गया।
इसके अलावा मेहरा टोल के पास से दो ट्रॉला (16 चक्का) और एक डम्पर (10 चक्का) गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जप्त किए गए। बिलौआ क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गई। इसी प्रकार मेहरा टोल के पास से एक ट्रॉला (22 चक्का) गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जप्त किया गया है।
