चुघ ने की कालिया के आवास पर हुए हमले की निंदा

नयी दिल्ली 08 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब के जालंधर में पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) की आपदा सरकार ने पंजाब में कानून-व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है।
श्री चुघ ने मंगलवार को श्री कालिया के आवास पर हुए ग्रेनेड (हथगोला) हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर निवास पर ग्रेनेड हमला निंदनीय है।” उन्होंने कहा कि यह हमला दर्शाता है कि पंजाब में किस तरह की आपदा सरकार ने कानून व्यवस्ता को तहस-नहस कर दिया है। यह हमला स्पष्ट करता है कि आप सरकार नौसिखिया नालायकों की सरकार है, जिनकी पंजाब में प्रशासनिक पकड़ ही नहीं है।
उन्होंने कहा, “पंजाब में बहादुर प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ बंधे हुए है। पंजाब में रंगदारी और थानों पर हमले हथगोलों से हमले, मिसाइल हमले हो रहे हैं, जो दर्शाते हैं कि पंजाब में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गयी है।” उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार का कानून-व्यवस्था को लेकर कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा नेताओं को सुरक्षा मुहैया करायी जानी चाहिए।
गौरतलब है कि श्री कालिया के आवास पर मंगलवार को हुए विस्फोट के कारण उनके घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एल्युमीनियम की दीवार (पार्टिशन), आंगन में खड़ी उनकी एसयूवी तथा मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।

Next Post

नैतिक पुलिसिंग अदालतों का काम नहीं :उच्चतम न्यायालय

Tue Apr 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि अदालतों को नैतिक पुलिसिंग नहीं करनी चाहिए। न्यायमूर्ति अभय एस ओका और न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां की पीठ ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के उस आदेश को खारिज करते हुए ये टिप्पणियां कीं, जिसमें राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला […]

You May Like