इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार को वार्ड क्रमांक 35 का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता संवाद किया। इस दौरान उनके साथ पार्षद राकेश सोलंकी एडिशनल कमिश्नर श्रृंगार श्रीवास्तव, नगर निगम के जोनल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।दौरे के दौरान महापौर ने स्थानीय रहवासियों से चर्चा करते हुए क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया। नागरिकों ने नई सड़क निर्माण के लिए महापौर का आभार जताते हुए बताया कि इससे आवागमन में काफी सुविधा मिली है। साथ ही रहवासियों ने मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली एक अतिरिक्त सड़क निर्माण की मांग भी रखी।
स्थानीय नागरिकों ने कॉलोनी में नई स्ट्रीट लाइट लगाने तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को पुनः चालू कराने की मांग भी महापौर के समक्ष रखी। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र के उद्यानों का भी अवलोकन किया। उन्होंने जिन उद्यानों में बाउंड्री वॉल नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि वार्ड को एक पूर्ण विकसित उद्यान उपलब्ध कराया जाएगा।
वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर महापौर ने स्थानीय रहवासियों, स्वच्छता अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
दौरे के अंतर्गत महापौर ने क्षेत्र के विभिन्न सिटी प्रोफाइल पॉइंट्स का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने तलावली चंदा तालाब का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां एक अतिरिक्त निर्माल्य कुंड बनाया जाए, ताकि तालाब में कचरा एवं धार्मिक सामग्री फेंके जाने से रोका जा सके।
