टोक्यो, 07 अप्रैल (वार्ता) दक्षिण-पश्चिमी जापान के नागासाकी प्रान्त में एक चिकित्सा परिवहन हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी।
क्योदो न्यूज एजेंसी ने तटरक्षक बल के हवाले से सोमवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों में से एक 86 वर्षीय महिला मरीज की मौत की पुष्टि घटना के दिन ही हो गई थी, जबकि उसके साथ मौजूद 68 वर्षीय पुरुष परिवार के सदस्य और 34 वर्षीय पुरुष डॉक्टर की सोमवार को मौत की घोषणा की गयी। आपातकालीन चिकित्सा सेवा हेलीकॉप्टर ने रविवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न 1.30 बजे नागासाकी प्रान्त के त्सुशिमा हवाई अड्डे से एक मरीज को फुकुओका प्रान्त के एक अस्पताल में ले जाने के लिए उड़ान भरी थी। इसे स्थानीय समयानुसार अपराह्न 2.15 बजे पहुंचना था, लेकिन यह गायब हो गया।
रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5.05 बजे तटरक्षक बल की एक नाव ने लापता हेलीकॉप्टर को उल्टा तैरता हुआ पाया और तीन लोगों को जीवित बचाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि अन्य तीन यात्रियों को भी निकाल लिया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत की पुष्टि हो गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर में तब समस्या आई जब स्थानीय समयानुसार अपराह्न 1.43 बजे उसका ट्रैकर चलना बंद हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर को डूबने से बचाने के लिए कदम उठाए और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की।
