जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किश्तवाड़ में आतंकी ठिकानों पर छापेमारी की

जम्मू 09 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ अपने निरंतर अभियान को जारी रखते हुए शनिवार को किश्तवाड़ जिले में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से सक्रिय आतंकवादियों से जुड़े कई ठिकानों पर समन्वित और औचक छापेमारी की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ये छापेमारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) किश्तवाड़ नरेश सिंह के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किश्तवाड़ प्रदीप सिंह गोरिया की कड़ी निगरानी में की गई।

उन्होंने बताया कि किश्तवाड़, चटरू, दच्छन और अठोली में एक साथ कई पुलिस टीमें तैनात की गईं और आतंकवादियों और उनके सहयोगियों के ठिकानों और आवासीय परिसरों पर छापे मारे गए।

प्रवक्ता ने बताया कि इन छापों का उद्देश्य सीमा पार आतंकवादियों के स्थानीय समर्थन नेटवर्क को ध्वस्त करना, राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों से संबंधित कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी इकट्ठा करना और ऐसे तत्वों का समर्थन या उन्हें पनाह देने में लगे व्यक्तियों या समूहों को एक कड़ा निवारक संदेश देना था।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने इन परिसरों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज़ और आतंकवाद के वित्तपोषण, कट्टरपंथ और सीमा पार संचार से जुड़े अन्य भौतिक साक्ष्य बरामद किए।

प्रवक्ता ने बताया कि किश्तवाड़ पुलिस ज़िले की शांति, स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

एसएसपी किश्तवाड़ ने आतंकवाद के प्रति पुलिस के शून्य-सहिष्णुता के रुख को दोहराते हुए कहा, ”आतंकवादियों की सहायता या उन्हें पनाह देने में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

 

Next Post

संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया

Sat Aug 9 , 2025
सोहागपुर/इटारसी। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व आदिवासी दिवस शनिवार को जिलेभर में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। सोहागपुर उपमंडी में विकासखंड के आदिवासियों ने लोक नृत्य, डंडा कार्यक्रम और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए तथा समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया। जनपद अध्यक्ष जालम सिंह पटेल, […]

You May Like