
खंडवा। हरसूद के चारखेड़ा के पास पिछले दिनों इंदिरा सागर के बैकवॉटर में एक 16 वर्षीय युवती का पानी पर तैरता हुआ शव मिला था। इस मामले में लंबी खोजबीन के बाद छिपाबड़ निवासी युवती के पिता और दादा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि वह अपनी मर्जी के मुताबिक प्रेम विवाह करना चाहती थी। यह बात उसके परिजनों को मंजूर नहीं थी। बार-बार दबाव डालने के बावजूद युवती मान नहीं रही थी।
उसके दादा और पिता प्लानिंग कर खेत में उसे ले गए। जहां गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छुपाने के लिए मोटरसाइकिल पर बोरे में बंद कर युवती के शव को ले गए। चारखेड़ा के पास बेकवाटर में बोरा फेंक दिया। इसके बाद में घर लौट आए थे। हरसूद पुलिस ने लगातार क्षेत्र में सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले। व तकनीकि संसाधनों व मुखबिर की सूचना पर मृतिका के शव की पहचान काजल पिता लोकेश मीणा उम्र 16 साल निवासी छिपाबड जिला हरदा के रूप में की गई। आरोपी (मृतिका के पिता) लोकेश पिता विष्णुप्रसाद मीणा उम्र 42 साल निवासी छिपाबड व (मृतिका के दादा) आरोपी विष्णुप्रसाद पिता हरिकिशन मीणा उम्र 66 साल निवासी छिपाबड जिला हरदा को गिरफ्तार किया गया।
