नयी दिल्ली 03 अप्रैल (वार्ता) राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन की कार्यवाही से हटाये गये अंश को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर डालने के लिए तृणमूल कांग्रेस सदस्य डेरेक ओ’बायन को कड़ी चेतावनी देते हुये गुरुवार को कहा कि इस तरह के मामले में वह कठोर कार्रवाई कर सकते हैं।
सदन के विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा भारतीय जनता पार्टी के सदस्य अनुराग ठाकुर की उस टिप्पणी पर भारी रोष जताये जाने पर श्री धनखड़ ने तृणमूल कांग्रेस के सदस्य का नाम लेते हुये यह चेतावनी दी। श्री ठाकुर ने कल लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पर चर्चा के दौरान श्री खरगे पर वक्फ की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया था, लेकिन कांग्रेेस सदस्यों के विराेध के कारण उन्होंने अपनी टिप्पणी वापस ले ली थी।
श्री धनखड़ ने कहा कि श्री ओ’ब्रायन ने कार्यवाही से हटाये गये अंश को एक दिन नहीं आठ दिन एक्स पर पोस्ट किया। यह बहुत गंभीर मामला है। जिसको कार्यवाही से हटाया जा चुका है उसको सोशल मीडिया में सदस्य द्वारा पोस्ट करना बहुत चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनकर बने हैं जिसको सदस्य पचा नहीं पा रहे हैं। प्रधानमंत्री पद की गरिमा को लेकर टिप्पणी नहीं की जा सकती है।
