राजग सरकार के वक़्फ़ संशोधन बिल का डटकर करेंगे विरोध: मान

मलेरकोटला, 31 मार्च (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा पेश किए गए वक़्फ़ संशोधन बिल का कड़ा विरोध करेगी।

ईद त्योहार के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समुदाय इस बिल का जोरदार विरोध कर रहा है और आम आदमी पार्टी इस कठिन समय में समुदाय के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के हितों की रक्षा के लिए पार्टी संसद और विधानसभा, दोनों में इस बिल का पुरजोर विरोध करेगी।

श्री मान ने कहा कि सरकार राज्य में भूजल के संतुलित उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से अब तक 15,947 रजवाहो को पुनर्जीवित किया गया है, जिससे दूर-दराज़ के गांवों तक भी पानी पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास भूजल के संरक्षण के लिए है और किसानों को उनकी सिंचाई जरूरतों के लिए नहरी पानी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रदेश में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के प्रयासों को लेकर स्थानीय ईदगाह में नमाज़ के दौरान मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर की कि लोग ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को बड़े स्तर पर समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय की जरूरत है, क्योंकि नशे के खिलाफ लड़ाई को लोगों के सक्रिय सहयोग से ही जीता जा सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान स्थानीय ईदगाह में नमाज़ अदा करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मान ने पंजाब के मुस्लिम भाइयों को ईद के बड़े तोहफे के रूप में ऐतिहासिक कस्बे मलेरकोटला के समग्र विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। मान ने कहा कि यह रमज़ान के पवित्र महीने की समाप्ति को दर्शाता है, जो दान और उदारता की भावना को सशक्त करता है और लोगों में सहानुभूति बढ़ाता है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पावन दिन भाईचारे और शांति के बंधनों को और मजबूत करेगा, जो हमारे महान गुरुओं, संतों और पीरों द्वारा प्रचारित महान मानवीय मूल्यों को दर्शाता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह त्योहार आपसी सद्भाव को बढ़ाता है और हमें प्रेम, दोस्ती और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से जाति, धर्म, रंग और नस्ल से ऊपर उठकर इस खुशी के त्योहार को पूरे जोश और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक शहर मलेरकोटला को ‘मॉडल ज़िला’ के रूप में विकसित किया जाएगा। बड़ी परियोजनाओं की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां जल्द ही 100 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। इसके साथ-साथ मलेरकोटला में 200 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा, जिससे लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। भगवंत सिंह मान ने यह भी बताया कि यहां पहले से मौजूद महिला कॉलेज को शैक्षिक सुविधाओं के स्तर को सुधारने के लिए अपग्रेड किया जाएगा।

श्री मान ने कहा कि मलेरकोटला में नए जिला प्रशासनिक परिसर और तहसील परिसर के साथ-साथ अमरगढ़ में भी एक और तहसील परिसर के निर्माण के लिए धन जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मलेरकोटला और आसपास के गांवों में नया बस स्टैंड, लिंक सड़कें, सफाई सुविधाएं और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। मान ने कहा कि जरग-रोणी और खन्ना रोड को मजबूत कर लोगों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा।

Next Post

पहड़िया में अतिक्रमण हटाने पर दो पक्षों में विवाद, कार्रवाई रुकी

Mon Mar 31 , 2025
रीवा: पहड़िया बस स्टैंड में नाली निर्माण में आ रही अड़चन के तहत अतिक्रमण हटाने पहुँचे राजस्व व पुलिस के लोगों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई जिसके चलते अमले को बैरंग लौटना पड़ा.जिले के ग्राम पंचायत पहड़िया अंतर्गत सड़क के दोनों तरफ किए गए अतिक्रमण पर अनुविभागीय […]

You May Like

Play sound