
भाजपा पार्षदों की कार्यशाला संपन्न
नवभारत न्यूज़
इंदौर। पार्षद कार्यशाला के माध्यम से पार्षदों को केवल वार्ड विकास ही नहीं, बल्कि निगम परिषद के बजट और प्रशासनिक प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना उद्देश्य है।
आज भाजपा पार्षदों की कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य पार्षदों को उनके वार्डों में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ उनकी वक्तव्य कला को विकसित करना था। कार्यशाला में भाजपा संगठन मंत्री हितानंद शर्मा , मंत्री तुलसी सिलावट और विधायकगणों की उपस्थिति में सभी 67 भाजपा पार्षदों ने अपने वार्ड में किए गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
यह पहला अवसर है , जब प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री के सामने पार्षदों ने अपने कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
शाम 5 बजे तक चली कार्यशाला
सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चली कार्यशाला में पार्षदों ने वार्डों में विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही कितना बजट खर्च हुआ और भविष्य की योजनाएँ क्या हैं, इस पर भी चर्चा की गई। खास बात यह रही कि पार्षद पतियों व पीए को बैठक से बाहर रखा गया। इसकी वजह निर्वाचित प्रतिनिधि ही सीधे अपने काम पर चर्चा करें।
भाजपा के 67 पार्षद मेरा परिवार – महापौर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि जीवन में स्कूल , कॉलेज और अपने प्रोफेशन में आते है , तो अलग अलग दोस्त बनते हैं । मेरे भी दोस्त बने और भाजपा से टिकट मिला और मेयर बनने के बाद मेरा परिवार बना है, वो है इंदौर भाजपा परिवार के 67 पार्षद , जो मेरा परिवार है। यह मेरे लिए उपलब्धि है। लोकतांत्रित सिस्टम से नगरीय निकाय कैसे चले , इसकी व्यवस्था हमने की है । पांच साल में हम अपना पॉलिटिकल डेवलपमेंट कैसे करें सकते है ? इस विषय पर भी सोचे। नगर निगम की आर्थिक स्थिति पहले जैसी नहीं है । आने वाले दो साल में आप जो काम कहोगे वो हम करने की स्थिति में है। हम अपने शहर के बारे में कुछ भी बोल देते है , जब आप दूसरे शहरों में जाएंगे तब आप देखेंगे कि आपका शहर दूसरे शहरों से कितना अच्छा है। हम शहर के लिए क्या छोड़ कर जाएंगे, इसकी हमे चिंता करना है। हमारा अपने लोगों से संवाद हमेशा बना रहना चाहिए। हम अपने कार्यों को जनता तक पहुंचने का काम भी करें।
उन्होंने पार्षदों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आने वाले ढाई साल में इंदौर को विश्व गौरव बनाने के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे।
