श्योपुर: महाराणा प्रताप नगर में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब घर के बाहर खड़ी एक ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कार मालिक अंबालाल जाट ने बताया कि कार की कीमत 14 लाख रुपए से ज्यादा थी। कार से पहले धुआं निकला और फिर अचानक तेज लपटें उठने लगीं। घर के लोगों और पड़ोसियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उसे रोका नहीं जा सका।
मोहल्ले के रिंकू अवस्थी ने नगर पालिका की फायर ब्रिगेड पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सूचना देने के एक घंटे बाद तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। जब तक फायर ब्रिगेड आई, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर गाड़ी समय पर आती तो कार को बचाया जा सकता था।
