फ्लोरिडा, 28 मार्च (वार्ता) सर्बियाई टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने अमेरिका के सेबेस्टियन कोर्डा को हराकर मियामी ओपन में पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
एक घंटा 24 मिनट तक चले मुकाबले में गुरुवार को दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी जोकोविच ने दूसरे सेट में ब्रेक डाउन से वापसी करते हुए कोर्डा पर 6-3 7-6 (7-4) से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही 37 वर्षीय जोकोविच एटीपी मास्टर्स 1,000 इवेंट के अंतिम चार में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गये हैं।
यह क्वार्टरफाइनल मैच बुधवार रात को खेला जाना था, लेकिन जेसिका पेगुला और एम्मा राडुकानु के बीच महिला क्वार्टरफाइनल मैच रात 11 बजे के बाद तक चलने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
जोकोविच शुक्रवार को सेमीफाइनल में बुल्गारियाई 14वीं वरीयता प्राप्त ग्रिगोर दिमित्रोव से मुकाबला करेंगे। 2016 के बाद से जोकोविच इस टूर्नामेंट में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
मैच के बाद जोकोविच ने कहा कि मेरे लिए यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ सर्विंग प्रदर्शन रहा, मैं काफी नर्वस था क्योंकि मुझे पता है कि कोर्डा बहुत आक्रामक और प्रतिभाशाली खिलाड़ी है।

