
जबलपुर। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा में पूरे हों, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी संवाद और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास को गति दें।यह बातें सांसद आशीष दुबे ने जिला समन्वय एवं निगरानी समिति की सोमवार को आयोजित बैठक में कहीं।
उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने के बाद सडक़ों का रेस्टोरेशन का कार्य में सभी तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने तथा सभी जरूरी कार्य पूरे होने के बाद ही योजनाओं को हैंडओवर करनें के निर्देश दिये। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो इस पर विशेष ध्यान दिया जाये। सांसद ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने जिला अस्पताल में रात्रि के समय एक्स-रे एवं मेडिको लीगल मामलों के लिए आवश्यक तकनीकी एवं चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखे जाने के भी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया। यातायात विभाग की समीक्षा के दौरान आईटीएम प्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा यातायात
नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, रिफ्लेक्टर तथा अन्य सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाने के लिए मालवीय चौक से कोतवाली तथा पांडे चौक से अंधेरदेव क्षेत्र तक वन-वे ट्रैफिक की संभावनाओं पर भी बैठक में चर्चा की गई। इस बारे में व्यापारियों से संवाद कर उनके सुझाव लेने और समग्र यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समिति के सदस्यों ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने और कलर कोडिंग करने तथा मुकादमगंज स्थित थोक किराना बाजार को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने एवं बल्देवबाग के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट करने के सुझाव भी दिये। राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आने वाली सडक़ों के नियमित रखरखाव की समीक्षा करते हुए आगामी त्यौहारों के मद्देनजर सडक़ों के सुधार का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान नए उपकेंद्रों, 33 केवी लाइनों, ग्रामीण विद्युत अधोसंरचना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार- प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोडऩे के निर्देश दिए। जिले में संचालित केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में लगभग पांच घंटे चली इस बैठक में केन्द्र शासन की विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
