
वेलिंग्टन 26 मार्च (वार्ता) जॉर्जिया वोल (75) रन के बाद एनाबेल सदरलैंड (चार विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने बुधवार को टी-20 सीरीज के तीसरे और अखिरी मैच में न्यूजीलैंड को आठ रन से हरा दिया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से जीत ली हैं।
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 54 के स्कोर तक अपने चार विकेट गवां दिये। कप्तान सूजी बेट्स (तीन), जॉर्जिया प्लिमर (चार), बेला जेम्स (14) और सोफी डिवाइन (एक) रन बनाकर आउट हुई। ऐसे संकट के समय अमेलिया केर और मैडी ग्रीन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी हुई। 18वें ओवर में मैडी ग्रीन के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी। मैडी ग्रीन ने 35 गेंदों में पांच छक्के और दो चौके लगाते हुए (62) रनों की पारी खेली। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजी आक्रमण के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज संघर्ष करते देखे गये। जेस केर (एक) और पोली इंग्लिस (शून्य) पर आउट हुई। सदरलैंड ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर अमेलिया केर को आउट कर न्यूजीलैंड के मैच जीतने की उम्मीद काे ध्वत कर दिया। अमेलिया केर ने 47 गेंदों में सात चौकों की मदद से (66) रन बनाये। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवराें में आठ विकेट पर 172 रन ही बना सकी और आठ रनों से मुकाबला हार गई। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनाबेल सदरलैंड ने चार विकेट लिये। मेगन स्कट को दो विकेट मिले। जॉर्जिया वेयरहैम ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया बेथ मूनी और जॉर्जिया वोल की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। नौवें ओवर में सोफी डिवाइन ने बेथ मूनी (21) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। 14वें ओवर में अमेलिया केर ने फोबे लिचफील्ड (26) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 15वें ओवर में सूजी बेट्स ने जॉर्जिया वोल को आउट किया। जॉर्जिया वोल ने 57 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए (75) रन बनाये। चौथे विकेट के रूप में एनाबेल सदरलैंड (11) रन बनाकर आउट हुई। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया।
न्यूजीलैंड की ओर से रोजमेरी मैयर, सोफी डिवाइन, अमेलिया केर और सूजी बेट्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
