नयी दिल्ली, 25 मार्च, (वार्ता) ओरिक्स कॉर्पोरेशन ने अपनी भारतीय सहायक कंपनी ओरिक्स कॉर्पोरेशन इंडिया लिमिटेड में विकास और विस्तार के लिए 300 करोड़ रुपये का रणनीतिक इक्विटी निवेश किया है जो भारत के तेजी से बढ़ते मोबिलटी और वित्तीय सेवा क्षेत्रों के लिए है।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में यह जानकारी देते हुये कहा कि यह निवेश भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने और ओरिक्स इंडिया के लीजिंग, मोबिलिटी और वित्तीय सेवा व्यवसायों के विस्तार में तेजी लाने के उसके दृष्टिकोण को रेखांकित करता है।
यह पूंजी ओरिक्स इंडिया को अपने लीजिंग और मोबिलिटी सॉल्यूशन व्यवसायों को बढ़ाने में मदद करेगी, साथ ही कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली वित्तीय सेवा सहायक कंपनी ओरिक्स लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज (ओएलएफएस) के तहत अपने वित्तीय सेवा पोर्टफोलियो के विकास को भी बढ़ावा देगी।
यह निवेश डिजिटल परिवर्तन, बुनियादी ढांचे में वृद्धि और ग्रीन मोबिलिटी तथा ईवी लीजिंग जैसी स्थिरता-संचालित पहलों सहित प्रमुख पहलों का भी समर्थन करेगा।
ओरिक्स कॉर्पोरेशन के एशिया और ऑस्ट्रेलिया बिजनेस ग्रुप के लिए जिम्मेदार ग्रुप स्ट्रैटेजी बिजनेस यूनिट के कार्यकारी अधिकारी योशियाकी मात्सुओका ने कहा, “ओरिक्स इंडिया हमारे वैश्विक परिचालन का एक अभिन्न अंग रहा है, और इसकी निरंतर वृद्धि और नवाचार भारत में मोबिलिटी और वित्तीय सेवाओं के भविष्य के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। जैसे-जैसे कंपनी अपने विस्तार के अगले चरण में प्रवेश कर रही है, हम इसके विकास का समर्थन करने और देश में एक अग्रणी खिलाड़ी के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
यह निवेश ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हुआ है, जब ओरिक्स इंडिया देश में अपने परिचालन के 30 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। कंपनी ने हाल ही में खुद को ओरिक्स ऑटो इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड से ओरिक्स कॉर्पोरेशन इंडिया लिमिटेड में रीब्रांड किया है, जिससे भारत में लीजिंग, मोबिलिटी और वित्तीय समाधान के व्यापक प्रदाता के रूप में इसकी स्थिति मजबूत हुई है।
