नई दिल्ली, 22 मार्च (वार्ता) हॉकी इंडिया ने शनिवार को बेंगलुरु के साई में शुरू होने वाले आगामी सीनियर महिला राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 65 सदस्यीय कोर संभावित टीम की घोषणा की।
इस टीम का चयन पंचकूला में 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हाल के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, जहां हॉकी झारखंड ने हॉकी हरियाणा को राेमांचक शूटआउट में हराकर खिताब जीता था।
मौजूदा कोर समूह से 30 खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है, जबकि असम हॉकी, हॉकी चंडीगढ़, हॉकी हिमाचल, साई, हॉकी बंगाल, यूपी हॉकी, हॉकी झारखंड, हॉकी कर्नाटक, मणिपुर हॉकी, हॉकी पंजाब, केरल हॉकी, एमपी हॉकी, सीआरपीएफ, ओडिशा, सीबीडीटी, हॉकी मिजोरम, हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी एपी से खिलाड़ियों को बुलाया गया है।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह प्रतियोगिता देखने और नई प्रतिभाओं की खोज करने के लिए प्रीमियर घरेलू राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मौजूद थे। चयन के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा, “ हमने इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कुछ असाधारण प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देखा और खिलाड़ियों को उनके संबंधित राज्य टीमों के लिए उनके प्रदर्शन के आधार पर बुलाया गया है। 65 खिलाड़ियों के साथ यह शिविर हमें यह समझने में मदद करेगा कि वे अपने करियर के अगले स्तर के लिए कैसे तैयार हो सकते हैं।”
सिंह ने कहा, “ एफआईएच हॉकी प्रो लीग के अगले चरण के लिए समूह को घटाकर 40 सदस्यों का कर दिया जाएगा और 31 मार्च से 19 अप्रैल तक 40 खिलाड़ियों का समूह अगले अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए शिविर में रहेगा। हालांकि, 23 से 30 अप्रैल तक हम 65 के बड़े समूह पर बारीकी से नजर रखेंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर 40 की सूची की पुष्टि की जाएगी।”
मौजूदा कोर ग्रुप से बरकरार रखे गए खिलाड़ियों में सविता, बिचू देवी खारीबाम, बंसारी सोलंकी, माधुरी किंडो, महिमा चौधरी, निक्की प्रधान, सुशीला चानू पुखरामबम, उदिता, इशिका चौधरी, ज्योति छत्री, ज्योति, अक्षता अबासो ढेकाले, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, नेहा, सलीमा टेटे, मनीषा चौहान, अजमीना कुजूर, सुनेलिता टोप्पो, लालरेम्सियामी, शर्मिला देवी, बलजीत कौर शामिल हैं। दीपिका सोरेंग, नवनीत कौर, संगीता कुमारी, वंदना कटारिया, दीपिका, प्रीतू दुबे, रुतुजा दादासो पिसल, डेउटी डुंगडुंग और मुमताज खान शामिल हैं।