
आष्टा. पुलिस ने शराब का अवैध परिवहन करने वाले आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बेचने के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब जप्त की है. आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार सिद्दीकगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बलेरो कार में अवैध शराब परिवहन कर ग्राम पानीगांव से श्यामपुरा जंगल की ओर जा रहा है. मौके पर पहुुंची पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका. तलाशी के दौरान वाहन में 18 पेटी अवैध शराब पाई गई. आरोपी के पास कोई वैध कागजात भी नहीं थे. पूछताछ में उसने अपना नाम नरेन्द्र तिवारी पिता कोशल तिवारी निवासी भागोर थाना कोतवाली जिला दतिया का होना बताया.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसके कब्जे से 18 पेटी अवैध शराब जिसकी कीमत लगभग 70 हजार 500 रुपए एवं वाहन कीमत लगभग 10 लाख रुपए जब्त किया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया. जहां से उसे जिला जेल सीहोर भेज दिया गया.
