नाव पलटने से लापता हुए 8 लोगों की तलाश में नदी में उतरे हैं गोताखोर
शिवपुरी: शिवपुरी के माताटीला डैम में नाव डूबने से लापता हुए 8 लोगों की तलाश में एनडीआरएफ की टीम रातभर जुटी रही।लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ की टीम रातभर जुटी रही। तीन महिलाओं और चार बच्चों समेत कुल सात लोग लापता हैं। आठ लोगों को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।खनियाधाना के टीआई सुरेश शर्मा ने बुधवार सुबह बताया कि रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
अभी तक कोई भी शव बरामद नहीं किया गया है। रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है। रजावन गांव के 15 लोग बीती देर शाम नाव से डैम के बीच टापू पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर पर होली की फाग के लिए जा रहे थे। मंदिर तक पहुंचने से पहले ही नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में सवार सभी लोग डूबने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने 8 लोगों को बचा लिया। वहीं, तीन महिलाओं और चार बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चला है।
2-2 लाख की आर्थिक सहायता: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर लिखा- नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कुछ श्रद्धालुओं की डूबने से असामयिक मृत्यु अत्यंत ही दुखद है। मृतकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख की आर्थिक सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।मौके पर पहुंचे हैं सभी आला अधिकारी: लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए थे। पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम के करीब 15 जवान डैम के कैचमेंट एरिया में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, एसपी अमन सिंह राठौड़, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन भी मौके पर रेस्क्यू अभियान की जानकारी ले रहे हैं।
