नयी दिल्ली 18 मार्च (वार्ता) भारत और न्यूजीलैंड की नौसेना परस्पर संबंधों को मजबूत बनाने , संयुक्त प्रशिक्षण और समुद्री सहयोग को आगे बढाने की दिशा में काम करेंगी।
भारत की यात्रा पर आये न्यूजीलैंड के नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल गारिन गोल्डिंग ने मंगलवार को यहां नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। उन्होंने नौसेना के परस्पर संबंधों को बढ़ाने, संयुक्त प्रशिक्षण पहल और समुद्री सहयोग पर चर्चा की। न्यूजीलैंड के नौसेना प्रमुख रक्षा अध्यक्ष, सेना प्रमुख, वायु सेना प्रमुख और रक्षा सचिव सहित वरिष्ठ रक्षा नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे और क्षेत्रीय सुरक्षा के प्रति न्यूजीलैंड की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेंगे।
बाद में वह मुंबई भी जाएंगे और पश्चिमी नौसेना कमान के कर्मियों के साथ बातचीत करेंगे। वह स्वदेशी विध्वंसक आईएनएस सूरत का दौरा करेंगे और जहाज रखरखाव और प्रौद्योगिकी में भविष्य के सहयोग के लिए संभावनाओं का पता लगाएंगे। इसके अलावा वह न्यूजीलैंड के प्रधान मंत्री की मौजूदगी में आयोजित समारोह में शामिल होंगे जो भारत-न्यूजीलैंड समुद्री संबंधों को और मजबूत करेगा। रियर एडमिरल गोल्डिंग की यात्रा भारत-न्यूजीलैंड रक्षा संबंधों के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो गहन नौसैनिक सहयोग को बढ़ावा देती है और हिन्द प्रशांत क्षेत्र में आपसी हितों को मजबूत करती है।
रियर एडमिरल ने सोमवार को रायसीना संवाद में हिस्सा लिया। आज उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया।
न्यूजीलैंड के नौसेना प्रमुख 21 मार्च तक भारत यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करना है।
