खाद, बीज में किसानों से ठगी-बेइमानी करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा: शिवराज चौहान

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा कि खाद और बीज के व्यापार में किसानों के साथ ठगी और बेइमानी करने वालों से सरकार कड़ाई से निपटेगी।

श्री चौहान अपने मंत्रालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। वृहद ‘कर्मचारी संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन राजधानी में पूसा में आयोजित किया गया था। कृषि मंत्री ने कहा, “ नकली खाद-बीज और कीटनाशक के नाम पर किसान लुटते रहे और हम देखते रहे, अब ऐसा बिल्कुल नहीं होगा, बेइमानों को हम छोड़ेंगे नहीं।” उन्होंने अपने विभागों के सभी कर्मियों से आम जनता और खास कर किसानों की जिंदगी की बेहतरी के लिए पूरे सेवा भाव से काम करने का गुरुवार को आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “ हमारे लिए जरूरी है कि दिन-प्रतिदिन हम और बेहतर करें, गड़बड़ी रोकें, किसानों को हर तरह से राहत मिलें, यहीं हमारा उद्देश्य है। ”

उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से दिये उद्बोधन की याद दिलायी कि ‘सरकार फाइल में नहीं, जनता की लाइफ में दिखना चाहिए।’ उन्होंने मंत्रालयकर्मियों का आह्वान किया, “हम इसी दिशा में संकल्पित होकर आगे, जीवन में हरेक दिन, हर क्षण महत्वपूर्ण, अपनी जनता की जिंदगी को बेहतर बनाने में अपना-अपना पूरा योगदान करें।”

उन्होंने कहा, “ हमारा काम राष्ट्र निर्माण का है, हम सभी इस भावना से काम करें कि आत्मनिर्भर भारत बनाने में एक ईंट मेरी भी लगेगी। ”

श्री चौहान ने कहा कि कृषि विभाग, भारतीय कृषि एवं अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और ग्रामीण विकास मंत्रालय की देश के विकास में अहम भूमिका है। उन्होंने कहा, “ आज अन्न के भंडार भरे हुए हैं, चुनौतियों का मुकाबला करते हुए हम दृढ़ निश्चय से और आगे बढ़ेंगे। हम सभी कृषि उत्पादों में पूरी मेहनत से किसानों और राज्य सरकारों के साथ मिलकर आत्मनिर्भर होंगे।”

कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि लखपति दीदियों की असाधारण उपलब्धियां, ग्रामीण सड़कें और आवास ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘स्वदेशी अपनाओ’ के आह्वान पर कार्यक्रम में मंत्री के साथ कृषि एवं ग्रामीण विकास के कर्मचारियों-अधिकारियों ने दैनिक जीवन में स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया।

 

 

 

 

Next Post

बालाघाट के बैहर पहुंचे राज्‍यपाल

Thu Aug 21 , 2025
बालाघाट। जिले के बैहर तहसील में महाआरोग्य स्वास्थ्य शिविर में शामिल होने प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल बिरवा ग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही महिला इमलाबाई मरकाम के घर दोपहर का भोजन किया। इसके बाद राज्यपाल स्वास्थ्य शिविर में शामिल होने बैंहर रवाना हो गये। Facebook Share on […]

You May Like