*स्कूटी टकराने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदला, दोनों पक्षों पर पर केस दर्ज*
ग्वालियर। पैदल जा रहे युवक को स्कूटी से टक्कर लगने के बाद हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों से कई लोग कुल्हाड़ी और फरसे लेकर आ गए, जिसके बाद जमकर संघर्ष हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराया। सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की गर्दन और चेहरे पर कुल्हाड़ी लगने से हालत गंभीर बनी हुई है। यह झगड़ा हस्तिनापुर के गांव गुंधारा में हुआ। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गुंधारा निवासी देवेंद्र जाट और अभिषेक राणा के परिवारों के बीच पहले से ही सरकारी जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। रात में देवेंद्र किसी काम से जा रहा था। वह कुछ ही दूर पहुंचा था कि सामने से आ रहे स्कूटी सवार अभिषेक, पुत्र सतेंद्र सिंह राणा, ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से देवेंद्र सड़क पर गिर पड़ा, जिससे दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग भी इसमें कूद पड़े। मामला इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक पहुंच गई।
दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में कई लोग बीच-बचाव के लिए आ पहुंचे, लेकिन वे भी झगड़े में शामिल हो गए। सभी के हाथों में लाठियां, कुल्हाड़ियां और फरसे थे। इसके बाद दोनों ओर से जमकर हमला हुआ, जो भी सामने आया, उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया गया।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराकर अभिषेक सिंह राणा की शिकायत पर देवेंद्र सिंह राणा, दशरथ राणा, जितेंद्र सिंह राणा और छोटू राणा के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं देवेंद्र सिंह जाट की शिकायत पर सत्येंद्र सिंह जाट, अभिषेक सिंह, नाहर सिंह एवं दामिनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों द्वारा किए गए हमले में देवेन्द्र सिंह, दशरथ राणा, जितेन्द्र सिंह राणा, सत्येन्द्र सिंह जाट, अभिषेक सिंह, नाहर सिंह और दामिनी सिंह गंभीर घायल हो गई हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे की जान लेने पर आमादा थे, पुलिस को जिस समय सूचना मिली, तब वहां से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर थी और समय पर पहुंचने से मामला शांत कराया और समय रहते घायलों को उपचार के लिए भिजवाया।
पुलिस ने बताया…
हस्तिनापुर के थाना प्रभारी राजकुमार सिंह राजावत ने बताया कि दो पक्षों मेंं सरकारी जमीन को लेकर विवाद था। स्कूटी टकराने पर फिर आमने-सामने आ गए। जिस पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कुल्हाड़ी, फरसा और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें महिला सहित सात घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।