ग्वालियर: सड़क पर देर रात चेकिंग कर रहे पुलिस जवान ने जब एक तेज रफ्तार कार को रोका तो चालक ने जवान के साथ अभद्रता कर दी। जवान ने विरोध किया तो कार चालक ने सड़क पर मारपीट कर दी। घटना देर रात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गोविंदपुर पुलिस चौकी के पास की है। जवान की मारपीट होते देखकर उसे बचाने पहुंचे थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों से भी कार चालक ने अभद्रता कर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
हंगामा कर रहे आरोपी को किसी तरह पुलिस कर्मियों ने पकड़ा और थाने पहुंचाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विश्वविद्यालय थाना में पदस्थ आरक्षक कुलदीप सिंह यादव, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, एएसआई सुरेन्द्र मुजौरिया, प्रधान आरक्षक महादेव, आरक्षक अनुराग के साथ गोविन्दपुरी चौकी के पास पुलिस चेकिंग कर रहे थे। तभी एक कार सफेद कलर आती दिखाई दी।
जिसे पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो कार चालक ने कार का कांच नीचे कर कुलदीप से गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जवान के साथ मारपीट भी की गई। थाने में आने के बाद आरोपी खुद को बसपा और कांग्रेस नेता का रिश्तेदार बताकर पुलिस कर्मियों को चमकाता रहा। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी एक निजी बैंक में जॉब करता है। किसी नेता से उसका कोई संबंध नहीं है। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि पुलिस जवान से अभद्रता करने वाले आरोपी को पकड़ लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
