
भोपाल। मंगलवारा थाना इलाके में एक 22 साल के युवक की तबीयत खराब होने से उसकी अचानक मौत हो गई. करीब एक सप्ताह पहले मृतक ने जहर खाया था। उसका अस्पताल में इलाज भी हुआ और वह ठीक हो गया था. 4 जून को युवक जब बाहर अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था और घर लौटा तब उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई. शुक्रवार को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
मामले की जांच कर रहे मंगलवारा थाने के प्रधान आरक्षक चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि फराज अंसारी पटेल नगर इलाके में रहता था. फराज ने करीब एक सप्ताह पहले सल्फास खा लिया था, जिससे उसकी तबीयत खराब हुई. परिजनों ने समय पर अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल से फराज के फिट होने पर उसे डिस्जार्ज कर दिया गया था. परिजनों ने पुलिस से शुरूआती पूछताछ में बताया कि फराज ठीक हो गया था और बाहर घूमने भी जाने लगा था. 4 जून को फराज अपने दोस्तों के साथ बाहर गया था. इस दौरान उसने बाहर का खाना भी खाया था. अचानक से फराज की तबीयत बिगड़ गई और परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे. इलाज के दौरान 5 जून को फराज की मौत हो गई. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पीएम कराते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
