
नयी दिल्ली 16 मार्च (वार्ता) केन्द्र सरकार की फिटनेस को लेकर चलाई जा रही मुहिम के तहत रविवार को देश भर में 25 जगहों पर आयोजित ‘फिट इंडिया संडे ऑफ साइकिल’ कार्यक्रम में लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर कार्यक्रम की अगुवाई की।
भारतीय खेल विकास प्राधिकरण (साई) के गांधीनगर केन्द्र द्वारा आज आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 650 साइकिल चालकों ने भागीदारी की। इनमें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गुजरात, अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य और सांसद हसमुखभाई पटेल और दिनेशभाई मकवाना शामिल थे। पैरालंपियन एथलीट भावना चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक रोहताश चौधरी ने इस कार्यक्रम में भाग ले रहे प्रतिभागियों को प्रेरित किया। रोहताश चौधरी को पुश-अप मैन ऑफ इंडिया के नाम से भी जाना जाता है। इस साइकिलिंग कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चिकित्सकों, स्कूल और कॉलेज के छात्रों, योगासन भारत के सदस्यों और कॉर्पोरेट पेशेवरों सहित 500 साइकिल चालक शामिल हुए।
इस अवसर पर रोहताश ने कहा कि संडे ऑन साइकिल फिट इंडिया द्वारा एक बेहतरीन पहल है। इसको लेकर प्रतिभागियों में उत्साह है मैं सभी से, विशेषकर युवाओं से, सिर्फ रविवार को ही नहीं बल्कि प्रतिदिन साइकिल चलाने का आग्रह करता हूं। उन्होंने फिटनेस की जरूरत पर बल देते हुए कहा चीन और अमेरिका के बाद भारत में मोटापे के मामले दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा हैं। हमें मोटापे की नहीं, बल्कि विकास में सबसे आगे रहने की जरूरत है। हमारे देश के विकास के लिए फिट रहना बहुत जरूरी है।
आईएमए ने आज देश भर में 25 जगहों पर संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के वित्त सचिव डॉ. पीयूष जैन ने जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को रोकने में फिटनेस के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आईएमए फिट इंडिया अभियान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, क्योंकि रोकथाम इलाज से बेहतर है। हर किसी के लिए स्वस्थ आहार और नियमित रूप से व्यायाम करना महत्वपूर्ण है। साइकिल चलाना पूरे शरीर के लिए एक बेहतरीन कसरत है इससे मानसिक स्वास्थ्य को भी लाभ पहुंचाता है यह एक आदर्श व्यायाम है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा दिसंबर 2024 में शुरु किये जाने के बाद से ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ पहल देश भर में 4,500 से अधिक स्थानों पर इसका आयोजन किया जा चुका है। यह कार्यक्रम देश भर में साई क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) और खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) में एक साथ आयोजित किया जाता है। सरकार का यह कार्यक्रम नागरिकों को फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरुक करता है।
