भोपाल रेल मंडल के 9 रेलवे स्टेशन को मिला ग्रीन सर्टिफिकेशन

भोपाल, 15 मार्च (वार्ता) पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के भोपाल रेल मंडल के भोपाल सहित नौ रेलवे स्टेशनों को ग्रीन सर्टिफिकेशन मिला है।

भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने बताया कि पमरे के भोपाल रेल मंडल के भोपाल, बीना, इटारसी, गंजबासौदा, गुना, नर्मदापुरम, साँची, शिवपुरी और विदिशा को स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और हरित निर्माण तकनीकों के बेहतर प्रबंधन के लिए ग्रीन सर्टिफिकेशन आई एस ओ 14001:2015 मिला है। यह पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली का प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र है। इस प्रणाली के तहत रेलवे स्टेशनों पर पर्यावरणीय गुणवत्ता में सुधार किया जाता है, जिससे यात्रियों को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण मिलता है।

उन्होंने बताया कि भोपाल रेल मंडल के स्टेशनों पर साफ-सफाई के उच्च मानक सुनिश्चित करने, कचरे का वैज्ञानिक और व्यवस्थित निपटान, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) की व्यवस्था, ऊर्जा बचत के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग तथा सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। यात्री सुविधाओं में जल-संरक्षण उपायों को अपनाकर जल की बचत की जा रही है। इससे यात्रियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित हुआ है। यात्रियों को साफ-सुथरे प्लेटफार्म, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ शौचालय और बेहतर वायु गुणवत्ता प्राप्त हो रही है, जिससे उनकी यात्रा सुखद और आरामदायक बन रही है।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि आईएसओ प्रमाणन यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लिया गया कदम है। इससे भोपाल रेल मंडल में रेल यात्रा को बेहतर, आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में रेलवे यात्रियों को और भी उन्नत, आधुनिक और पर्यावरण हितैषी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

Next Post

कड़े नियमन, नयी पहलों से भारत में उपभोक्ताओं को बल मिला है: प्रल्हाद जोशी

Sat Mar 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को कहा कि सरकार के इको-लेबलिंग कार्यक्रमों, ई-कॉमर्स क्षेत्र में अनुचित व्यापार के तरीकों पर अंकुश और ग्रीनवाशिंग (अपने हरित उत्पाद के बारे में कंपनियों के भ्रामक दावे) के […]

You May Like

मनोरंजन