रतलाम, 13 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के रतलाम शहर काजी ने मुस्लिमों से अपील की है कि अगर गलती से उन पर होली का रंग पड़ जाए तो कोई भी बुरा नहीं माने और मुस्कुरा कर आगे बढ़ जाएं।
मौलवी सय्यद अहमद अली ने शहर के मुस्लिम समुदाय के लोगों को एक पत्र जारी कर अपील की है कि अगर उन पर गलती से किसी से रंग पड़ जाए तो बगैर बुरा माने मुस्कुराकर आगे बढ जाएं। ‘आका के अच्छे उम्मती होने के नाते सब्र और अखलाक ए एहसन का मुजाहेरा’ करते हुए आगे बढ जाएं।
शहर काजी अहमद अली ने अपने पत्र में आगे लिखा है कि रमजान के माहे मुबारक का खयाल करते हुए ज्यादा से ज्यादा मस्जिदों को आबाद करें और किसी भी प्रकार के फसाद से बचे रहें। अपने शहर में शांति और भाईचारे के रिवाज को बनाए रखें।
शहर काजी की इस अपील का शहर के अन्य समुदाय के लोगों ने स्वागत किया है।
दरअसल रमजान के महीने में जुमा और होली एक साथ आने के चलते देश के विभिन्न हिस्सोंं से इन दिनों कई प्रकार की खबरें और अफवाहें सामने आ रही हैं। ऐसे में रतलाम शहर काजी की ये अपील अपने आप में अहम मानी जा रही है।

