संस्कृत को बढ़ावा के लिए वेद विद्यालय, वैदिक गुरुकुल तथा वैदिक पर्यटन केंद्र खोल रही सरकार-दिलावर

कोटा 13 मार्च (वार्ता) राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए वेद विद्यालय, वैदिक गुरुकुल तथा वैदिक पर्यटन केंद्र खोल रही हैं।

श्री दिलावर गुरुवार को यहां केशोरायपाटन रोड पर स्थित कुंदकुंद कहान संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में संस्कृत विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संस्कृत भाषा के शिक्षण में राजस्थान देश में अग्रणी हो ऐसा प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से संस्कृत के प्रदेश में आधिकारिक प्रचार प्रसार और शिक्षण प्रशिक्षण के लिए हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संभाग मुख्यालय में वेद विद्यालय खोले जा रहे हैं। साथ ही जयपुर, जोधपुर और उदयपुर में वैदिक गुरुकुल एवं वैदिक पर्यटन केंद्र बनाने का भी प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारत की पहचान है और यह देववाणी है। संस्कृत में ज्ञान का अथाह भंडार छुपा है जिसको खोजना और दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है।

श्री दिलावर ने कहा कि संस्कृत सर्वाधिक वैज्ञानिक भाषा है यह केवल भारत ही नहीं मानता अपितु दुनिया भर के प्रतिष्ठित शोध संस्थान मानते हैं और नासा ने यह साबित कर दिया है कि अंतरिक्ष विज्ञान के उपयोग में सर्वाधिक श्रेष्ठ भाषा संस्कृत ही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भारत का है और संस्कृत का है इसलिए हमें संस्कृत भाषा के पठन-पाठन पर अत्यधिक जोर देना होगा।

उन्होंने महाविद्यालय के प्रबंधकों से आग्रह किया कि वह इस महाविद्यालय के आचार्य और शिक्षा शास्त्री में क्रमोन्नत करने के लिए आवश्यक पत्रावलियां विभाग में प्रस्तुत करें ताकि शीघ्र ही इस महाविद्यालय के क्रमोन्नत करने की कार्यवाही की जा सके।

Next Post

अध्यक्ष की व्यवस्था, असंसदीय शब्दोंं से बचें सदन के सदस्य

Thu Mar 13 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 13 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन के सदस्यों से अपेक्षा की है कि वे व्‍यक्तिगत आरोप-प्रत्‍यारोपों से बचें और ऐसी शब्‍दावली का उपयोग न करे, जिससे सदन की परम्‍परा प्रभावित और […]

You May Like

मनोरंजन