बेंगलुरु, 12 मार्च,(वार्ता) इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में ब्रेकईवन हासिल करने के उद्देश्य से अपने नेटवर्क परिवर्तन और परिचालन व्यय कटौती कार्यक्रम के कार्यान्वयन से मासिक 90 करोड़ रुपये की स्थायी लागत मेें कटौती की है।
कंपनी ने आज यहां जारी एक बयान में यह घोषणा करते हुये कहा कि इस कार्यक्रम के कार्यान्वयन को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जो लागत कम करने और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नवंबर 2024 में शुरू की गई थी। इस पहल ने प्रति माह 90 करोड़ रुपये की स्थायी लागत कटौती की है। परिणामस्वरूप, ओला इलेक्ट्रिक को उम्मीद है कि वह वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के लिए ऑटोमोटिव सेगमेंट एविटडा ब्रेकईवन हासिल कर लेगी और इन पहलों का वित्तीय प्रभाव अप्रैल 2025 से पूरी तरह से दिखाई देने लगेगा।
इस कार्यक्रम में वितरण नेटवर्क परिवर्तन परियोजनाएँ शामिल हैं, जैसे सभी क्षेत्रीय गोदामों और शिपिंग वाहनों को बंद करना, कारखाने से सीधे स्टोर तक स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज़ भेजना, पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं को स्वचालित करना, और बिक्री और सेवा नेटवर्क में उत्पादकता में सुधार करना। लागत बचत के अलावा, इन परिवर्तनों के परिणामस्वरूप औसत वाहन इन्वेंट्री लगभग 35 दिनों से घटकर 20 दिन हो गई है, और ग्राहकों के लिए डिलीवरी का समय 12 दिनों से घटकर 3 से 4 दिन रह गया है। वाहन पंजीकरण प्रक्रिया परिवर्तन अपने अंतिम चरण में है।
कंपनी के दैनिक पंजीकरण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो बढ़कर 800 प्रति दिन से अधिक हो गया है और इस वर्ष जनवरी – फरवरी के लिए औसत दैनिक बिक्री को पार कर गया है। नेटवर्क परिवर्तन और परिचालन व्यय कटौती कार्यक्रम के सभी तत्वों को लागू करने के साथ, ओला इलेक्ट्रिक ने परिचालन उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया है और वित्तीय अनुशासन और ग्राहक अनुभव को बढ़ाया है।

