नयी दिल्ली 11 मार्च (वार्ता) द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और बढ़ाने की दिशा के एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, कतर और भाारत के बीच वित्तीय एवं आर्थिक सहयोग को बढ़ाने पर हुये समझौते को पूर्ववर्ती तिथि से मंजूरी दे दी गयी है।
वित्त मंत्रालय ने आज यहां जारी बयान में कहा कि कतर के अमीर की भारत यात्रा के दौरान गत 18 फरवरी को भारत और कतर के बीच वित्तीय और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के मुद्दे पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इससे जुड़े समझौता ज्ञापन पर 5 मार्च 2025 को यहां वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के संयुक्त सचिव बलदेव पुरुषार्थ और कतर में भारत के राजदूत मोहम्मद हसन जाबिर अल-जाबिर ने हस्ताक्षर किए।
इस समझौता का उद्देश्य आर्थिक नीतियों, वित्तपोषण साधनों के उपयोग, सार्वजनिक-निजी भागीदारी ढांचे और निवेश के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और विकसित करना है। यह सहयोग कतर के साथ पारस्परिक रूप से लाभकारी और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता को संस्थागत रूप देगा। इस समझौता से दोनों देशों में निवेश के लिए नए और उभरते क्षेत्रों और अवसरों की खोज होने की उम्मीद है।
यह समझौता दोनों देशों के साझा उद्देश्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। दोनों देशों के वित्त मंत्रालय अपने बीच संयुक्त सहयोग के मॉडल और क्षेत्रों को बढ़ावा देंगे, जैसे विशेषज्ञ कार्यशालाएं, सेमिनार और सम्मेलन आयोजित करना; संयुक्त कार्य के क्षेत्रों में दस्तावेजी और तकनीकी जानकारी का आदान-प्रदान करना और दोनों देशों के व्यापारिक समुदायों के बीच संवाद के साथ तालमेल बनाए रखना जैसे मुद्दे शामिल हैं।
यह समझौता दोनों पक्षों की एक साथ मिलकर काम करने तथा निवेश, वृद्धि एवं विकास के नए अवसर खोलने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
