मैडी ग्रीन का शतक, न्यूजीलैंड की महिला टीम ने श्रीलंका को 78 रनों से हराया

नेल्सन 07 मार्च (वार्ता) मैडी ग्रीन (100) की शतकीय और हन्ना रोवे (चार विकेट) के शानदार प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड की महिला टीम ने शुक्रवार को दूसरे एक दिवसीय मुकाबले में श्रीलंका को 78 रनों से हरा दिया है।

246 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 31 के स्कोर पर अपने दो विकेट गवां दिये। कप्तान चमारी अट्टापटू (11) और विशमी गुणरत्ने (आठ) रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी की जोड़ी ने पारी संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी हुई। ईडन कार्सन ने कविशा दिलहारी (25) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। मनुडी नानायक्कारा (शून्य), हर्षिता समरविक्रमा ने 77 गेंदों में चार चौकों की मदद से (59) रनों की पारी खेली। नीलक्षिका सिल्वा (20), अनुष्का संजीवनी (13), अचिनी कुलसुरिया (एक), इनोशी प्रियदर्शनी (शून्य), चेतना विमुक्ति (तीन) रन बनाकर आउट हुई। न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे श्रीलंका की पूरी टीम 46.4 ओवर में 167 रन पर ढ़ेर हो गई।

न्यूजीलैंड की ओर से हन्ना रोवे ने चार विकेट लिये। ब्री इलिंग और ईडन कार्सन को दो-दो विकेट मिले। सूजी बेट्स ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 59 के स्कोर तक अपने चार विकेट गवां दिये। सूजी बेट्स (पांच), एम्मा मैकलियोड (छह), ब्रुक हैलीडे (छह) और जॉर्जिया प्लिमर (28) रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी मैडी ग्रीन ने पारी को संभालने का प्रयास किया। इसाबेला गेज (19), जेस केर (38) रन बनाकर आउट हुई। मैडी ग्रीन ने 109 गेंदों में सात चौके लगाते हुए (100) रन बनाये। वह 50वें ओवर की तीसरी गेंद पर रनआउट हुई। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 245 रनों का स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका की ओर से चमारी अट्टापटू ने दो विकेट लिये। अचिनी कुलसुरिया, इनोशी प्रियदर्शनी और कविशा दिलहारी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

कार में जिंदा जल गया युवक, 4 घायल 

Fri Mar 7 , 2025
बालाघाट। शुक्रवार की अलसुबह एक कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर होते ही कार में आग लग गई। एक युवक जिंदा जल गया। 4 लोग गंभीर घायल हैं। हादसा दिनी-पुनी के मुरमाड़ी मार्ग पर हुआ। रामपायली थाना पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के दुर्ग से आए पांच युवक कटंगी में शादी […]

You May Like