कोलकाता, (वार्ता) इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) निर्माता एथर एनर्जी लिमिटेड ने बेंगलुरु के बेगुर स्थित अपने उत्पाद परीक्षण और सत्यापन केंद्र “द जगरनॉट” में अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और परीक्षण क्षमताओं के विस्तार की घोषणा की है।
कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि यह नई सुविधा एथर के अनुसंधान एवं विकास पारिस्थितिकी तंत्र के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसका उद्देश्य स्कूटरों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रदर्शन को और अधिक सुदृढ़ करना है। साथ ही उत्पाद विकास, परीक्षण और सत्यापन की प्रक्रिया को तेज करना है।
एथर एनर्जी के सह-संस्थापक और सीटीओ स्वप्निल जैन ने कहा, “ईवी, आईसीई (इंटरनल कंबशन इंजन) वाहनों से पूरी तरह अलग होते हैं और अपेक्षाकृत नई तकनीक पर आधारित होते हैं। इसलिए, उनके सभी घटकों का गहन परीक्षण करना बेहद जरूरी है। पिछले कुछ वर्षों में हमने अनुसंधान एवं विकास में काफी निवेश किया है। ‘द जगरनॉट’ के विस्तार के साथ हम अपनी परीक्षण क्षमता और योग्यताओं को बढ़ा रहे हैं, जिससे हमें नवाचार और उत्पाद विकास में तेजी लाने में मदद मिलेगी। साथ ही हमारा ध्यान प्रदर्शन, गुणवत्ता और विश्वसनीयता को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा।”
