परिजनों के साथ तलाश में जुटी शहर पुलिस
सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला में रहने वाली चार छात्राएं एक साथ रहस्यमयी अंदाज में लापता हो गईं। सभी नवीन सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ती थीं। शनिवार को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक इन छात्राओं की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा केंद्र टिकुरिया टोला हायर सेकेंडरी स्कूल पानी टंकी के पास था। छात्राएं समय पर परीक्षा देकर शाम 5 बजे स्कूल से निकलीं, लेकिन घर नहीं पहुंचीं।
कुछ घंटे इंतजार के बाद तलाश में जुटे परिजनों ने कोलगवां थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस भी हैरत में है कि छात्राएं आखिर कहां चली गईं। पुलिस ने शुरुआती जांच में बांस नाका के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, जिसमें चारों छात्राएं एक साथ जाती हुई नजर आईं। इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं लगा। पता चला है कि लापता छात्राओं में अंजली कुशवाहा पिता रामलाल कुशवाहा, श्रेया गुप्ता पिता ओमप्रकाश गुप्ता, इच्छा गुप्ता पिता अशोक गुप्ता और राधिका गुप्ता पिता गुरु प्रसाद गुप्ता शामिल हैं।
