यूका कचरा निपटान अदालत के आदेश पर, बीमारी फैलाने के बाद अब डर फैला रही कांग्रेस : यादव

भोपाल, 28 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के यूनियन कार्बाइड (यूका) कारखाने के रासायनिक कचरे के आज से धार जिले के पीथमपुर में निष्पादन संबंधी प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने को लेकर कांग्रेस के विरोध पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया अदालत के आदेश के अनुरुप हो रही है और सालों तक इस बीमारी को फैला कर रखने वाली कांग्रेस अब भय फैला रही है।

डॉ यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमला बोलते हुए कहा कि श्री पटवारी में जितनी समझ है, वे उस हिसाब से बात कर रहे हैं। ये सब कोर्ट के आदेश पर हो रहा है। ये कांग्रेस के शासनकाल के दौरान का ही कचरा है। कांग्रेस ने भोपाल में उस समय मौत बांटी थी। भोपाल में 10 लाख से ज्यादा लोग अगर मारे गए, तो वो तत्कालीन शासन-प्रशासन की लापरवाही थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सालों तक बीमारी को फैलाए रखा और अब भय फैला रहे हैं। कांग्रेस को इस व्यवहार पर शर्म आनी चाहिए और उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

इसी बीच धार जिले के पीथमपुर में कचरा निष्पादन की प्रक्रिया को देखते हुए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है और प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

 

Next Post

जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं पटवारी

Fri Feb 28 , 2025
भोपाल, 28 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने आज कहा कि यूनियन कार्बाइड के रासायनिक कचरे के निपटारे के मामले में राज्य सरकार अदालत के दिशानिर्देशों के तहत कार्य कर रही है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इस मामले में जनता को […]

You May Like