नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने असम में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करके असम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा, “मैंने आज यहाँ इंदिरा भवन में असम के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। एक साल में असम के लोग भ्रष्टाचार, विभाजन और प्रतिशोध की राजनीति को त्याग देंगे। असम के 3.5 करोड़ लोग इस बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर देख रहे हैं। चुनिदा मीडिया से संचालित कोई भी प्रचार असम के लोगों के परिवर्तन के संकल्प को हिला नहीं सकता।”
इस साल के अंत में बिहार तथा अगले साल केरल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर श्री खरगे तथा श्री गांधी ने गुरुवार को असम के नेताओं के साथ बैठक की। पार्टी आला कमान शुक्रवार को केरल तथा अगले सप्ताह बिहार के नेताओं के साथ बैठक करेगा।
कांग्रेस ने भी बैठक की जानकारी दी और बताया,”आज पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में असम से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें असम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।”
