सतना :सतना-रीवा मार्ग पर कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कृपालपुर के निकट शुक्रवार की दोपहर हुए सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. दुर्घटना बाइक सवार के तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने के कारण होना बताया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभापुर क्षेत्र का निवासी 26 वर्षीय युवक जितेंद्र कुशवाहा पिता हीरालाल अपने किसी परिचित से मिलने के लिए माधवगढ़ से सतना की ओर आ रहा था. बताया गया कि जैसे ही वह कृपालपुर के निकट पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा क्र. यूपी 93 एटी 7469 के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी.
चूंकि हाइवा तेज रफ्तार था इसलिए बाइक को टक्कर मारने के बाद रुकने में उसे देर हो गई. इस दौरान बाइक सवार युवक हाइवा की चपेट में आ गया. घटना होती देख आस पास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. वहीं घटना होती देख हाइवा चालक ने वहां से भागने की कोशिश की. लेकिन स्थानीय लोगो ंने उसे दबोच लिया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा बाइक सवार युवक को फौरन जिला चिकित्सालय भेजा गया. जहां पर जांच करने पर ड्यूटी डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा हाइवा को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया गया. पुलिस के अनुसार मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है व प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
