
बीना। आगासौद थाना क्षेत्र में वाहन की टक्कर से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल और नायब तहसीलदार हेमराज मेहर मौके पर पहुंचे।जानकारी के अनुसार, देहरी गांव निवासी राजेश पिता धन्नालाल अहिरवार (23) को गांव के पास ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मुआवजे तथा न्याय की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों की मुख्य मांगें थीं कि उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए, टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर उसे पकड़ा जाए, और रिफाइनरी के भारी वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गांव की सड़क पर ब्रेकर बनाए जाएं।चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी नितिन पाल और नायब तहसीलदार हेमराज मेहर ने परिजनों को काफी समझाया। करीब तीन घंटे तक चले इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।उचित मुआवजा देने के आश्वासन माने नायब तहसीलदार हेमराज मेहर ने बताया कि प्रशासन द्वारा उचित आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 5 हजार रुपए की राशि और दुर्घटना में 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
