आधार सेवा केन्द्र में आधार धारकों को नही मिल रही सेवा

मध्यप्रदेश में आधार सेवा केन्द्र का संचालन कर रही सीएससी लिमिटेड कम्पनी की लापरवाही से अमहा स्थित आधार सेवा केन्द्र में हो रही समस्या

सीधी : मध्यप्रदेश में आधार सेवा केन्द्र का संचालन कर रही सीएससी लिमिटेड कम्पनी की लापरवाही से अमहा स्थित आधार सेवा केन्द्र में समस्या हो रही है। यहां आधार सेवा केन्द्र में आधार धारकों को वांछनीय सेवा नहीं मिल रही है।बताते चलें कि सीधी शहर के अमहा चौक में वर्ष 2021 से सीएससी आधार सेवा केन्द्र का संचालन किया जा रहा है। उक्त आधार सेवा केन्द्र में ग्रामीण अंचलों से रोजाना काफी संख्या में आधार धारक अपना आधार का सुधार और नया बनाये जाने के लिये आते हैं। उनकी मंशा रहती है कि आधार सेवा केन्द्र में आने से आसानी के साथ आधार का कार्य हो जायेगा।

पूर्व में इस तरह हो भी रहा था। किन्तु अब आधार सेवा केन्द्र में बच्चों और बुजुर्गों को आधार के सुधार के लिये इस केन्द्र में लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। घंटो खड़े रहने के बाद भी आधार कार्य न होने पर अधिकांश लोगों को निराश होकर वापस जाना पड़ रहा है। बताते चलें कि भारत सरकार के द्वारा समस्या विद्यालयों में बच्चों की अपार आईडी समयसीमा में बनाये जाने के निर्देश शिक्षा विभाग को प्राप्त हैं परन्तु आधार में त्रृटि के कारण बच्चों की अपार आईडी बनने में भी भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह प्रधानमंत्री फार्मर रजिस्ट्री में भी किसानों को बायोमैट्रिक कराने के लिये आधार सेवा केन्द्र का चक्कर काटना पड़ रहा है।

तत्संबंध में बताया गया है कि सीएससी आधार सेवा केन्द्र अमहा में कर्मचारी की कमी के कारण अधिकांश समस्या बनी हुई है। पूर्व में यहां के आधार सेवा केन्द्र में दो कम्प्यूटर आपरेटर कार्य कर रहे थे। परन्तु एक वर्ष से आधार सेवा केन्द्र में एक ही आपरेटर के जिम्मे सैकड़ो लोगों के आधार में सुधार एवं नया बनाने की जिम्मेदारी है। इसी वजह से कतार में लगे लोगों का घंटो बाद भी काम नहीं हो पाता। इसी बात को लेकर कई बार कहा-सुनी की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। वहीं आधार सेवा केन्द्र में खड़े अधिकांश लोगों की शिकायत थी कि जब वह शुल्क दे रहे हैं तो उनका काम घंटो बाद आखिर क्यो नहीं हो पाता। इसी का फायदा कुछ दलाली करने वाले लोग भी उठा रहे हैं।

कर्मचारियों की कमी से खड़ी हो रही समस्या
शहर के अमहा में संचालित आधार सेवा केन्द्र में जिस अनुपात में रोजाना लोगों की भीड़ उमड़ती है उसके अनुसार कम्पनी द्वारा कर्मचारियों की नियुक्ति करने की जरूरत नहीं समझी जा रही है। आधार सेवा केन्द्र की जिम्मेदारी एक कम्प्यूटर आपरेटर के ऊपर दी गई है। जरूरत से ज्यादा लोड होने के कारण नियुक्त आपरेटर भी काम कर पाने में हांथ खड़ा कर देता है। यदि कम्पनी द्वारा आधार सेवा केन्द्र अमहा में कम्प्यूटर आपरेटरों की संख्या बढ़ा दी जाय तो यहां आने वाले लोगों का काम भी जल्द होना शुरू हो जाय।

इनका कहना है
मेरे द्वारा लगातार 3 दिन से सीएससी आधार सेवा केन्द्र के चक्कर लगाया जा रहा है लेकिन ज्यादा भीड़ होने के कारण और एक ही आधार ऑपरेटर होने के कारण आधार का काम करने के लिए मना किया जा रहा है।
विमल सिंह चंदेल, ग्रामीण
पूर्व में आधार केन्द्र अमहा में 2 आधार के ऑपरेटर कार्य कर रहे थे लेकिन वर्तमान में एक ही कर्मचारी काम कर रहे जिसके लिए मेरे द्वारा 1 वर्ष पूर्व ही अपने सीएससी के उच्च अधिकारी को ऑपरेटर रखे जाने के लिए संबंधित दस्तावेज भेजे गए है परंतु आज तक लम्बित है।
वीरेंद्र प्रजापति, जिला प्रबंधक सीएससी कम्पनी
यह विषय मेरे पास संज्ञान में आया है, जल्द ही दूसरा आधार ऑपरेटर सीधी जिले में संचालित सीएससी आधार सेवा केन्द्र में रखा जाएगा।
अतुलित राय, अधिकारी सीएससी कम्पनी भोपाल
शहर के अमहा में संचालित आधार सेवा केन्द्र मे क्या कमियां हैं उसकी जांच संबंधित अधिकारी से कराकर परीक्षण के बाद आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जावेगी।
नीलेश शर्मा, एसडीएम गोपदबनास

Next Post

नाइट कॉम्बिंग गस्त में पुलिस ने 98 वांरटियों को किया गिरफ्तार

Mon Feb 24 , 2025
पुलिस ने रात्रि कॉम्बिंग गश्त के दौरान 261 बदमाशों पर हुई कार्रवाई, जिले के करीब 3 सैकड़ा पुलिस सेवकों रहे शामिल सिंगरौली:जिले के करीब 3 सैकड़ा पुलिस सेवकों की अलग-अलग टीमें नाइट कॉम्बिंग गस्त करते हुए 98 वांरटियों को गिरफ्तार किया। वही 73 निगरानी बदमाश, 60 गुण्डा बदमाशों को चेक […]

You May Like