
मुरैना, 23 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि गांव, गरीब, किसान की हालत में सुधार आयें, इस मकसद से प्रदेश सरकार विकास कार्य कर रही है।
श्री तोमर ने शनिवार को दिमनी विधानसभा के ग्राम रुपहटी में एक करोड़ 21 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि गांव में सड़क, विधुत, चिकित्सा, शिक्षा और सिंचाई की सुविधा मिल जाये तो विकास तेज़ी से होता हुआ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को गांव में सड़क, शिक्षा, पांच लाख रुपये तक का इलाज निःशुल्क और सिंचाई की सुविधा देने में प्रदेश सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही। अस्पतालों का उन्नयन कार्य किया जा रहा
है। सरकार का पैसा जनता के विकास के लिए है। गांव, गरीब, किसान का विकास सरकार का मुख्य लक्ष्य है। इस मकसद से किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। यह राशि किसान के खाते में सीधे पहुंच रही है। इसके लिए किसानों को कही भी घूमना नहीं पड़ रहा हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में दिमनी विधानसभा क्षेत्र में 93 करोड़ रुपये सड़कों की स्वीकृति हो चुकी है। जिनके बन जाने से और विकास तेजी से दिखाई देगा।
श्री तोमर ने एक करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से रुपहटी से धनसुला तक सड़क और 3 लाख रुपये की लागत से शांती धाम, 3 लाख रुपए की लागत से ग्राम खड़िया बीहड़ में सामुदायिक भवन और 3 लाख रुपए की लागत से ग्राम पंचायत सुनावली में भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर सांसद शिव मंगल सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष सुश्री मधुरिमा तोमर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि विकास की कमी नहीं आने दी जाएगी। हर क्षेत्र में विकास होगा।
जनपद अध्यक्ष सुश्री मधुरिमा तोमर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में मुरैना जिले में इस वर्ष 38 रोड़ों में से 17 रोड दिमनी विधानसभा की है। इस क्षेत्र में विकास की कमी नहीं रहने दी जायेगी।
