न्यूजीलैंड दबदबा कायम रखने और बंगलादेश वापसी के लिए उतरेगा

रावलपिंडी, 23 फरवरी (वार्ता) आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सोमवार को होने वाले ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम जहां टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय कायम करने उतरेगी वहीं बंगलादेश पिछले मैच में भारत से मिली करारी हार के बाद वापसी करने मैदान में उतरेगा।

न्यूजीलैंड ने मेजबान पाकिस्तानी धरती पर एकदिवसीय मुकाबलों में दबदबा बनाए रखते हुए लगातार चार जीत दर्ज की हैं और वह अगले मैच को लेकर उत्साहित है। अब देखना होगा कि टूर्नामेंट में भारत से मिली करारी के हार के बाद बंगलादेश वापसी कर पायेगा या न्यूजीलैंड अपना दबदबा कायम रखता है। बंगलादेश पिछले मैच के तौहीद हृदोय के जूझारू शतक को ध्यान में रखते हुए निराशाजनक प्रदर्शन से उबरकर एक बार फिर से अपने अभियान को शुरू करना चाहेगा।

वहीं न्यूजीलैंड ने विल यंग और टॉम लैथम की अगुआई में शानदार बल्लेबाजी की है। मैट हेनरी और विल ओ’रूर्के की अगुआई में उनकी गेंदबाजी इकाई ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और वे बंगलादेश की कमजोर बल्लेबाजी का फायदा उठाने का प्रयास करेंगे।

बंगलादेश के सलामी बल्लेबाजों फॉर्म में न होना उनके लिए परेशानी का सबब बना हुआ है भारत के खिलाफ दोनों बल्लेबाज पावरप्ले में ही आउट हो गए, जिससे मध्यक्रम की शुरुआत ही हो गई। न्यूजीलैंड के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ उन्हें एक और हार से बचने के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

वहीं न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले चार मैचों में 215 रन बनाए हैं और इस दौरान तीन बार नाबाद रहे हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण उन्हें खेल बदलने वाला खिलाड़ी बनाती है। वहीं गेंदबाजों की बात की जाये तो मैट हेनरी पिछले दो सालों में पाकिस्तान की पिचों पर 15 विकेट चटकाए हैं जोकि किसी भी अन्य विदेशी गेंदबाज से अधिक। न्यूजीलैंड को उनसे बहुत उम्मीद होगी। बल्लेबाजी की बात की जाये तो विल यंग ने बंगलादेश के खिलाफ आठ पारियों में 50 से अधिक की औसत से 360 रन बनाए हैं और उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए बंगलादेश की चिंता बढ़ सकती है।

ऐसा माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड की जीत संभावनाएँ बहुत अधिक हैं, लेकिन बंगलादेश को उनके पिछले संस्करण में किये गये प्रदर्शन को देखते हुए उसे नकारा नहीं जा सकता। दोनों टीमें के बीच कल होने वाला मुकाबला रोमांचक होने के आसार है।

 

 

Next Post

क्रिकेट में शतक का अपना रोमांच होता है: मोदी

Sun Feb 23 , 2025
नयी दिल्ली 23 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन दिनों चैंपियंस ट्रॉफी चल रही है और क्रिकेट में शतक का अपना रोमांच होता है। इसके साथ उन्होंने राष्ट्रीय खेलों उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर खेल शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री […]

You May Like