बेंगलुरु (वार्ता) शिनेल हेनरी (28 गेेंद में 62 रन) की आतिशी पारी की मदद से यूपी वारियर्स ने वुमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एक मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 33 रन की आसान जीत दर्ज की।
यूपी वारियर्स ने पहले खेलते हुये नौ विकेट पर 177 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की पारी 19.3 ओवर में 144 रन बना कर सिमट गयी। यूपी की जीत की नायक शिनेर हेनरी बनी जिन्होेने अपनी दिलेर पारी से यूपी की उम्मीदों को हवा दी जबकि बाद में क्रांति गौड़ (25 पर चार विकेट) और ग्रेस हैरिस (15 रन पर चार विकेट) ने दिल्ली का पुलिंदा बांधने मे कोई कमी नहीं छोड़ी।
दिल्ली की तरफ से जेमिमाह रॉड्रिग्स (56) ने अपने अंदाज के अनुरुप धाकड़ बल्लेबाजी की और मात्र 35 गेंदो की पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ दिया मगर मध्यक्रम ने उनका साथ नहीं दिया और दिल्ली के सात खिलाड़ी अपने निजी स्कोर को दहाई तक पहुंचाने में भी विफल साबित हुये। इससे पहले शैफाली वर्मा 24 रन का योगदान दिया मगर इन फार्म मेन लानिंग (5) का बल्ला आज नहीं चला।
इससे पहले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक समय यूपी के छह खिलाड़ी 89 रन जोड़ कर पवेलियन लौट चुके थे और चंद ओवरों का खेल बचा था। ऐसे में हेनरी के बल्ले से निकली आग से दिल्ली के गेंदबाज झुलस गये। हेनरी ने मैदान के चारों तरफ चौके छक्कों की बौछार कर दी और यूपी का स्कोरबोर्ड हवा से बातें करने लगा। हेनरी ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान आठ गगनचुंबी छक्के और दो चौके लगाये। वह यूपी की पारी की अंतिम गेंद पर जानासन का शिकार बनी।
हेनरी के अलावा किरण नवगिरे (17),दीप्ति शर्मा (13),तालिया मैग्रा (24),श्वेता सहरावत (11) और सोफ़ी एकल्सटन (12) अपने स्कोर को दहाई तक पहुंचाने में सफल रहीं। दिल्ली की ओर से जेस जानासन ने 31 रन खर्च कर यूपी के चार बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखायी जबकि अरुंधति रेड्डी और मरीज़ान काप ने दो दो विकेट झटके।
