भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगम में लगाई पावन डुबकी

महाकुंभनगर, 22 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को सपरिवार संगम में आस्था की डुबकी लगाकर गंगा मइया को नारियल और चुनरी अर्पित करके लोक कल्याण की कामना भी की।

महाकुंभनगर के त्रिवेणी संकुल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री नड्डा का स्वागत किया। इसके उपरांत सभी नेतागण अरैल घाट से फ्लोटिंग जेटी के जरिए संगम पहुंचे। यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अपने परिवार के साथ साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले भाजपा नेताओं प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और नंद गोपाल नंदी संग सामूहिक रूप से संगम स्नान किया।

उसके बाद श्री नड्डा पत्नी एवं परिजनों संग विधि-विधान से संगम में पावन डुबकी लगाई। स्नानोपरांत नड्डा परिवार, सीएम योगी और भाजपा के अन्य नेताओं ने विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के कल्याण की कामना की। इस दौरान संगम स्नान करने पहुंची जनता ने भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जय श्रीराम और गंगा मइया की जय के जयघोष से अभिवादन किया।

सभी नेता गण बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां लेटे हनुमान जी की साविधि पूजा-अर्चना की। वहीं इसके बाद सभी ने अक्षयवट के भी दर्शन-पूजन किये।

 

Next Post

एमएसएमई विकास नीति से आत्मनिर्भरता को गति मिलेगी- यादव

Sat Feb 22 , 2025
भोपाल, 22 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘मध्यप्रदेश एमएसएमई विकास नीति-2025’ के क्रियान्वयन को मंजूरी दी। इससे प्रदेश में आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को नई गति मिलेगी। आधिकारिक जानकारी के […]

You May Like