
ग्वालियर। चार दिन से चल रही गिद्धों की गणना आज गुरुवार को भी जारी है। आज भी उन्हीं स्थानों पर गिद्ध मिले, जहां कल देखे गए थे। तीन दिन में कुल 270 गिद्ध गिने गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या किला तलहटी में रही। शहर में ऊंचे-ऊंचे पेड़ अब कम ही संख्या में बचे हैं। इसलिए गिद्धों ने खासतौर पर अपना ठिकाना ग्वालियर किला तलहटी को बना लिया है।
लगभग 300 फीट ऊंची इस पहाड़ी की तलहटी में 30 गिद्ध मिले। यहां 9 गिद्धों के घोंसले भी मिले। वहीं घाटीगांव उत्तर, घाटीगांव दक्षिण, तिघरा, तिघरा गेम रेंज में भी इनकी अच्छी खासी संख्या देखी गई। यह स्थान गिद्धों के लिए अनुकूल है। एसडीओ मनोज जाटव के मुताबिक सिटी एरिया में ऊंचाई वाले वृक्ष कम हो गए हैं। गिद्ध खासतौर पर ऊंचे स्थान पर अपना घोंसला बनाता है, ताकि वह पूरे क्षेत्र पर नजर रख सके। इसलिए उन्होंने खासतौर पर किला तलहटी पर अपना ठिकाना बनाया है।
