
इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी हिरासत में ?
जबलपुर, नवभारत। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार दोपहर एक बजे पश्चिम मध्य रेल जोन महाप्रबंधक कार्यालय के इंजीनियरिंग एवं स्टोर डिपार्टमेंट में छापा मार कार्यवाही की। सूत्रों के मुताबिक इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी को सीबीआई द्वारा हिरासत में लिया गया जिससे घंटों पूछताछ चली। कार्यवाही को गापनीय तरीके से अंजाम दिया गया। अधिकारी कुछ भी कहने से बचते रहे। हालांकि रेल्वे विभाग मेंं तरह-तरह की चर्चाएं गर्म रही। सीबीआई की अचानक हुई कार्यवाही से हडक़ंप मचा रहा।
फिल्मी स्टाइल में जीएम कार्यालय पहुंची टीम-
जानकारो द्वारा यह भी बताया गया कि इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी को सीबीआई द्वारा हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि इस छापे की पुष्टि सीबीआई ने देर रात तक नहीं की और ना ही महाप्रबंधक कार्यालय ने कुछ बयान दिए है। विभागीय सूत्रों द्वारा यह भी बताया गया कि चार सीबीआई अधिकारियों की टीम बुधवार दोपहर टैक्सी लेकर फिल्मी स्टाइल में महाप्रबंधक कार्यालय पहुंची थी।
गहमा-गहमी का महौल-
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार दोपहर एक बजे पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक कार्यालय के इंजीनियरिंग एवं स्टोर डिपार्टमेंट में छापा मारा गया। छापे के दौरान पूरे कार्यालय में गहमा गहमी का माहौल देखने को मिला।
अधिकारी से चली पूछताछ-
जब इस छापे की सत्यता जानने के लिए संबंधित कार्यालय में पूछा गया तो अधिकारियों द्वारा इसे सिरे से नकार दिया गया। खबर लिखे जाने तक इंजीनियरिंग विभाग के किस अधिकारी को हिरासत में लिया गया है इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है।
