बच्ची से दुष्कर्म ने खोली दिल्ली में कानून व्यवस्था की पोल : सिसोदिया

बच्ची से दुष्कर्म ने खोली दिल्ली में कानून व्यवस्था की पोल : सिसोदिया

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय राजधानी के तिलकनगर इलाके में सात वर्ष की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और गृहमंत्री अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के राज में दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है।

आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और तिलक नगर से ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह ने इस मामले में बुधवार को संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान श्री सिसोदिया ने कहा कि राजधानी के तिलक नगर से एक बहुत ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है जिसमें एक सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। यह हम सबके लिए बहुत चिंता की बात है कि दिल्ली में अपराधियों और महिलाओं के साथ गलत कृत्य करने वालों के हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं। दिल्ली में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से मज़ाक बना हुआ है। अपराधियों और दुष्कर्म करने वालों के दिल में कोई डर नहीं है। दिल्ली में यह इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप है और इसे ठीक करने में भाजपा और श्री शाह की कोई दिलचस्पी नहीं है।

श्री सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में अब चुनाव खत्म हो गए हैं। भाजपा को चुनाव से पहले जितनी गाली-गलौज की राजनीति करनी थी, उसने कर ली। अब तो अपनी आदतों को बदलकर कुछ काम करना चाहिए। दिल्ली के लोगों ने भाजपा को पहले से दिल्ली की कानून व्यवस्था दे रखी है। इन दुष्कर्म करने वालों और अपराधियों के अंदर कानून का खौफ पैदा करना चाहिए। अब श्री अरविंद केजरीवाल को गाली देने से काम नहीं चलेगा। चुनाव खत्म हो चुका है। वापस कानून व्यवस्था के मुद्दे पर आइए। दिल्ली के लोगों ने पहले भी भाजपा के सात सांसद चुने थे। दुष्कर्म करने वालों और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करिए।

वहीं श्री सिंह ने कहा कि तिलक नगर की घटना को लेकर दिल दुखी है। गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस इस तरह मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं को रोकने में नाकाम है। चेन स्नैचिंग, स्कूटी चोरी, गाड़ी चोरी जैसी अपराध की घटनाएं इतनी आम हैं कि अब लोग इनकी गिनती भी नहीं करते हैं। दिल्ली में आजकल फिरौती, रेप और हत्या की घटनाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन हमारी पुलिस इसे रोकने में पूरी तरह से नाकाम है।

उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के लोगों को यह आश्वासन देते हैं कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की इस लड़ाई में अंत तक उनके साथ खड़े रहेंगे। हम न्यायपालिका से उम्मीद करते हैं कि वह दोषियों को सख्त से सख्त और जल्दी से जल्दी सजा दे।

Next Post

अमेरिकी एसईसी ने अडानी रिश्वत मामले में भारतीय अधिकारियों से मांगा सहयोग

Wed Feb 19 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नई दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) ने कथित प्रतिभूति धोखाधड़ी की जांच के सिलसिले में अडानी समूह के संस्थापक गौतम अडानी और उनके भतीजे के खिलाफ भारतीय अधिकारियों से सहयोग की मांग […]

You May Like

मनोरंजन